स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के सिटिज़न फीडबैक पर उठते सवाल: भोपाल नगर निगम के शिकायत कॉल सेंटर पर OTP लेकर खुद फीडबैक भरने के आरोप
- उठते सवाल
- May 2
- 2 min read
Swachh Survekshan 2026 - Bhopal Municipal Corporation - Bhopal Nagar Nigam Swachh Bhopal - Citizen Feedback

स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित होने वाले स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के “सिटिज़न फीडबैक” की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर भोपाल में सवाल खड़े होने लगे हैं। आरोप है कि भोपाल नगर निगम के शिकायत नंबर 155304 पर शिकायत दर्ज कराने वाले नागरिकों से कॉल सेंटर के कर्मचारियों द्वारा OTP माँगा जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह OTP उस फीडबैक प्रक्रिया से जुड़ा होता है, जिसे स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत नागरिकों को स्वयं भरना चाहिए। लेकिन आरोप यह है कि नगर निगम शिकायत कॉल सेंटर कर्मचारी ही नागरिकों से OTP लेकर खुद फीडबैक दर्ज कर रहे हैं। जबकि सही प्रक्रिया के अनुसार नागरिकों को स्वयं https://cf.sbmurban.org लिंक पर जाकर अपना फीडबैक दर्ज करना चाहिए, ताकि नागरिक द्वारा दिए गए फीडबैक की विश्वसनीयता सुनिश्चित हो सके।
यदि ये आरोप सही हैं, तो यह पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। क्योंकि स्वच्छ सर्वेक्षण का “सिटिज़न फीडबैक” नागरिकों के वास्तविक अनुभव, संतुष्टि और शिकायत निवारण की स्थिति जानने का माध्यम माना जाता है। ऐसे में यदि फीडबैक संबंधित कर्मचारी ही भरने लगें, तो नतीजों की प्रामाणिकता प्रभावित हो सकती है।
विशेषज्ञों का मानना है कि नागरिक फीडबैक का उद्देश्य जनता की वास्तविक राय लेना है, न कि केवल बेहतर रैंकिंग हासिल करना। यदि सिस्टम का उपयोग केवल नंबर बढ़ाने के लिए किया जाता है, तो इससे स्वच्छता सर्वेक्षण की विश्वसनीयता कमजोर होती है।
नागरिकों ने मांग की है कि इस मामले की जांच होनी चाहिए और यह सुनिश्चित किया जाए कि फीडबैक केवल संबंधित नागरिक द्वारा ही भरा जाए। साथ ही OTP जैसी संवेदनशील जानकारी किसी कर्मचारी द्वारा माँगना रोका जाए।
अब देखने वाली बात होगी कि भोपाल नगर निगम और संबंधित अधिकारी इन आरोपों पर क्या स्पष्टीकरण देते हैं, और क्या स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए कोई कदम उठाए जाते हैं।